अनूपपुर जिले में 29 मई से 12 जून तक चलेगा विकसित कृषि संकल्प अभियान
अनूपपुर। "विकसित कृषि संकल्प अभियान" ग्रामीण कृषि अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। किसानों को नवीन तकनीक, उन्नत बीज, सिंचाई सुविधा एवं बाजार तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। यह अभियान न केवल कृषि उत्पादन बढ़ाएगा, बल्कि ग्रामीण युवाओं को भी कृषि क्षेत्र से जोड़कर रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करेगा।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. एन.के. पांडेय ने जानकारी दी कि "विकसित कृषि संकल्प अभियान" का शुभारंभ आज अनूपपुर जिले में हर्षोल्लास के साथ किया गया। यह अभियान 29 मई से 12 जून 2025 तक जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में चलाया जाएगा। अभियान में चारों विकास खंड में चार वाहन रवाना किए गए हैं। उन वाहनों में वैज्ञानिकों की टीम एवं दल कृषकों की समस्याओं का निराकरण करेगी। उन्होंने बताया कि खरीफ फसल के दौरान किसानों को धान की सीधी बुवाई पद्धति, सोयाबीन की ब्रॉड बैंड फर्व तकनीकी, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, कोदो कुटकी की उन्नतशील कृषि एवं कृषि, पशुपालन, मत्स्य सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों के विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।
विकसित कृषि संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि विज्ञान केंद्र एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा उन्नत कृषि तकनीकों एवं विभागीय योजनाओं से संबंधित आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। इन प्रदर्शनों में आधुनिक उपकरण, जैविक उत्पाद, पोषण वाटिका, मत्स्य पालन विधियां, पशु देखभाल, स्व-सहायता समूहों की गतिविधियां और वैज्ञानिक तरीकों से खेती के मॉडल प्रदर्शित किए गए।
Comments
Post a Comment